झारखंड के गुमला जिले में इन दिनों जिस आईपीएस अधिकारी की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह हैं Harish Bin Zaman। 2017 बैच के झारखंड कैडर के इस युवा आईपीएस अधिकारी ने मई 2025 में गुमला के एसपी के रूप में पदभार संभाला और उसके बाद से जिले में नक्सलियों के खिलाफ लगातार आक्रामक अभियान चलाए जा रहे हैं।
हरिश बिन जमा अपनी सख्त कार्यशैली, तेज रणनीति और जमीनी पुलिसिंग के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में गुमला पुलिस, झारखंड जगुआर और सुरक्षा बलों ने कई बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिससे जिले में सक्रिय उग्रवादी संगठनों की पकड़ कमजोर पड़ती दिख रही है। बीते दिनों झारखंड मुख्यालय में 27 नक्सलियों ने DGP तदशा मिश्रा के सामने सरेंडर किया था जिनमें दो इनामी उग्रवादी गुमला जिला से भी थे, जिन्होंने गुमला पुलिस के नेतृत्व में सरेंडर किया. उनका नाम 1. सचिन बेक उर्फ युविन बेक उर्फ बलियासुस बेक 2. श्रवण गोप हैं।
हाल के महीनों में पुलिस ने कई इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कई उग्रवादियों ने सरेंडर भी किया। प्रतिबंधित संगठन JJMP के सब-जोनल कमांडर फिरोज की गिरफ्तारी को भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। फिरोज पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था और उसके पास से भारी मात्रा में हथियार व जिंदा गोलियां बरामद की गई थीं।
इतना ही नहीं, हरिश बिन जमा के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने PLFI के 15 लाख के इनामी उग्रवादी मार्टिन केरकेट्टा के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की थी। इस ऑपरेशन के बाद गुमला समेत आसपास के इलाकों में पुलिस की पकड़ और मजबूत हुई।
गुमला आने से पहले हरिश बिन जमा लोहरदगा के एसपी रह चुके हैं। इसके अलावा वे रांची ट्रैफिक एसपी और गिरिडीह में एएसपी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पुलिस महकमे में उनकी पहचान एक ऐसे अधिकारी की है जो फील्ड में रहकर काम करना पसंद करते हैं।
एसपी हरिश बिन जमा लगातार जंगल और संवेदनशील इलाकों में कैंप कर रहे हैं। वे जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद भी स्थापित कर रहे हैं, ताकि पुलिस और जनता के बीच भरोसा मजबूत हो सके।
उनकी प्राथमिकताओं में गुमला को नक्सल मुक्त बनाना, युवाओं को नशे से दूर रखना और ग्रामीण इलाकों में जागरूकता बढ़ाना शामिल है। लगातार सफल ऑपरेशन, नक्सलियों की गिरफ्तारी और सरेंडर के बाद Harish Bin Zaman आज झारखंड के सबसे चर्चित और सक्रिय आईपीएस अधिकारियों में गिने जा रहे हैं।

