झारखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद देने के लिए राज्य सरकार ने पहल की है। राजधानी रांची के कडरू स्थित हज हाउस में मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना की शुरुआत की गयी है। गुरुवार को अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने योजना का उद्घाटन किया। इस योजना के तहत कुल 78 अभ्यर्थियों को JPSC और JSSC की प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क तैयारी करायी जायेगी।
योजना के तहत JPSC के 40 और JSSC के 38 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी। सरकार की ओर से जल्द ही हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध कराने की बात कही गयी है। इसके अलावा अभ्यर्थियों को स्टडी मटेरियल भी दिया गया है।
इंजीनियरिंग और मेडिकल परीक्षाओं की भी होगी तैयारी
मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में नया अध्याय शुरू हुआ है। इस योजना का उद्देश्य प्रतिभावान विद्यार्थियों को आर्थिक परेशानियों के कारण पीछे रहने से बचाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इंजीनियरिंग, मेडिकल सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करायी जायेगी, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने क्लासरूम और लाइब्रेरी का निरीक्षण भी किया। इस दौरान JPSC परीक्षा की तैयारी कर रहे जामताड़ा निवासी एहसान इलाही से बातचीत की। उन्होंने बताया कि पिछली JPSC परीक्षा में उनका चयन एक नंबर से नहीं हो पाया था। अभ्यर्थियों को बैग और स्टडी मटेरियल भी वितरित किये गये।
शुक्रवार से शुरू होंगी कक्षाएं
JPSC और JSSC की तैयारी के लिए शुक्रवार से कक्षाएं शुरू होंगी। इसके लिए अलग-अलग कक्षाओं की व्यवस्था की गयी है। कोलकाता की कंपनी की ओर से अभ्यर्थियों को कोचिंग दी जायेगी। कार्यक्रम में कल्याण सचिव कृपानंद झा, आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, डीआईजी नौशाद आलम सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

