Site icon Jharkhand LIVE

डीसी हेमंत सती ने CM उत्कृष्ट जिला स्कूल का किया निरीक्षण, रिजल्ट सुधारने के निर्देश

झारखंड के हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती ने शुक्रवार को सीएम उत्कृष्ट जिला स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था की समीक्षा की और 12वीं बोर्ड परीक्षा के अपेक्षाकृत कमजोर परिणाम पर चिंता जताई। उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रभारी प्राचार्या निकिता कुमारी से विद्यालय में शिक्षकों की उपलब्धता और छात्रों की पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली। बताया गया कि कक्षा 6 से 12 तक कुल 520 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं और सभी विषयों के लिए 28 शिक्षक कार्यरत हैं।

डीसी हेमंत सती ने कहा कि जिन विषयों में विद्यार्थियों का प्रदर्शन कमजोर है, उन पर विशेष फोकस करने की जरूरत है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक अध्याय पूरा होने के बाद नियमित टेस्ट लिया जाए और छात्रों को लिखकर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अलग-अलग कक्षाओं में पहुंचे और विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने छात्रों से उनके भविष्य के लक्ष्य और पढ़ाई की तैयारी के बारे में जानकारी ली। साथ ही विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी।

डीसी ने छात्रों को बेहतर तैयारी के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विषय को केवल रटने के बजाय उसकी गहराई से समझ विकसित करनी चाहिए। साथ ही पिछले 10 से 12 वर्षों के प्रश्नपत्रों का अध्ययन करने और कठिन सवालों को शिक्षकों से पूछने की आदत डालने पर जोर दिया।

उन्होंने मोबाइल के सकारात्मक उपयोग की बात कहते हुए कहा कि छात्र ऑनलाइन गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री का लाभ उठा सकते हैं। उपायुक्त ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया और किसी भी संसाधन संबंधी समस्या को प्रशासन तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने विद्यार्थियों को पूरी लगन और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने का संदेश दिया।

Exit mobile version