हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड के लुपुंग गांव में पारिवारिक विवाद के बीच एक पिता पर अपने छह माह के मासूम बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है। आरोप है कि घरेलू विवाद से गुस्साए पिता ने सो रहे बच्चे को उठाकर घर के पीछे ले जाकर पक्के फर्श पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सास-बहू के विवाद के बाद भड़का पिता
बताया गया कि घर में सास और बहू निराली कुमारी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान निराली के पति आकाश कुमार वहां पहुंचा। आरोप है कि मां और पत्नी के बीच चल रहे विवाद से आक्रोशित होकर उसने बिस्तर पर सो रहे अपने छह माह के बेटे अंश कुमार को उठा लिया।
बच्चे को फर्श पर पटकने का आरोप
आरोप के मुताबिक, आकाश बच्चे को घर के पीछे कुएं के पास ले गया और वहां पक्के फर्श पर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई। मां ने बच्चे को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि पिता ने तत्काल अस्पताल ले जाने में सहयोग नहीं किया।
इसके बाद मां खुद घायल बच्चे को लेकर हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची।
रिम्स ले जाने के दौरान मासूम ने तोड़ा दम
बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। हालांकि, रांची पहुंचने से पहले ही रास्ते में अंश ने दम तोड़ दिया।
मां की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने के बाद कटकमसांडी थाना पुलिस ने बच्चे की मां निराली कुमारी के आवेदन पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी पिता आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश के अनुसार, आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद लुपुंग गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

