फादर्स डे के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren ने अपने पिता और झारखंड आंदोलन के पुरोधा Shibu Soren को याद करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि पिता केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि संघर्ष, साहस, संकल्प और संस्कार की वह पाठशाला हैं, जहां जीवन का सबसे बड़ा ज्ञान मिलता है।
हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में लिखा, “तपती धूप में बरगद-सी छाया हैं बाबा, संघर्ष की राह में अटूट हौसला हैं बाबा। हमारी सोच, हमारे संस्कार, हमारी पहचान हैं बाबा। एक पिता ही नहीं, पूरे समाज का स्वाभिमान हैं बाबा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पिता ने हमेशा उन्हें यह सीख दी कि जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी ताकत है और राज्य तथा लोगों के अधिकारों के लिए हर परिस्थिति में डटकर खड़ा रहना ही सच्ची जनसेवा है। उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों द्वारा काफी सराहा जा रहा है।

