झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुद बंदूक थामकर निशानेबाजी का जायजा लिया और शूटिंग रेंज की सुविधाओं का निरीक्षण किया। परिसर की बदहाल स्थिति और खिलाड़ियों को मिल रही अपर्याप्त सुविधाओं को देखकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई।
खराब रखरखाव पर जताई कड़ी नाराजगी
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, शूटिंग उपकरणों की उपलब्धता और रखरखाव में कई कमियां पाईं। उन्होंने अधिकारियों को इन खामियों को जल्द दूर करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
10, 25 और 50 मीटर रेंज का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज की 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर की सभी इकाइयों का बारीकी से निरीक्षण किया। उनके साथ खेल मंत्री सुदिव्य कुमार समेत खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
खिलाड़ियों से की बातचीत
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं तथा जरूरतों की जानकारी ली। खिलाड़ियों ने रेंज की सुविधाओं और रखरखाव से जुड़ी कई समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं।
आधुनिकीकरण के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को शूटिंग रेंज के आधुनिकीकरण, बेहतर आधारभूत संरचना विकसित करने और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर जल्द सुधार कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार झारखंड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाकर राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का माहौल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

