Site icon Jharkhand LIVE

बड़गाईं जमीन मामले में आज PMLA कोर्ट में पेश होंगे CM हेमंत सोरेन, आरोप गठन पर होगी सुनवाई

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जुड़े बड़गाईं की 8.86 एकड़ जमीन मामले में आज, 24 सितंबर को रांची की विशेष PMLA अदालत में सुनवाई होगी। अदालत में मुख्यमंत्री के खिलाफ आरोप गठन की प्रक्रिया पर सुनवाई होनी है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस मामले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश होने की अनुमति दी गयी है। इससे पहले 21 सितंबर को तकनीकी समस्या के कारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये उनकी पेशी नहीं हो सकी थी। इसके बाद अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 24 सितंबर की तारीख तय की थी।

8.86 एकड़ जमीन से जुड़ा है मामला

यह मामला रांची के बड़गाईं अंचल की 8.86 एकड़ जमीन से संबंधित है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जमीन के रिकॉर्ड में कथित हेरफेर, फर्जी दस्तावेज और अवैध अधिग्रहण से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच की है। हेमंत सोरेन इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं।

हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत

इस मामले में हेमंत सोरेन की ओर से PMLA अदालत की कार्यवाही पर रोक लगाने और आरोप गठन की प्रक्रिया को रोकने की मांग की गयी थी। झारखंड हाईकोर्ट ने 18 सितंबर को उनकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद निचली अदालत में मामले की कार्यवाही आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ।

इससे पहले 8 जून 2026 को PMLA की विशेष अदालत ने हेमंत सोरेन की डिस्चार्ज पिटीशन भी खारिज कर दी थी। अब 24 सितंबर की सुनवाई में आरोप गठन से जुड़ी प्रक्रिया पर आगे की कार्रवाई होगी।

Exit mobile version