Site icon Jharkhand LIVE

बालू की काली कमाई पर भिड़ंत, पुलिस व JLKM कार्यकर्ताओं की झड़प में चार गिरफ्तार

ईचागढ़ अवैध बालू विवाद

जमशेदपुर के चांडिल अनुमंडल के ईचागढ़ क्षेत्र में अवैध बालू खनन और हिस्सेदारी को लेकर मंगलवार देर रात पुलिस और जेएलकेएम (झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा) के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस का एक जवान और चौकीदार घायल हो गए, वहीं पुलिस कार्रवाई में जेएलकेएम नेता तरुण महतो समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

तरुण महतो 2024 विधानसभा चुनाव में ईचागढ़ सीट से जेएलकेएम के प्रत्याशी रह चुके हैं, जिससे मामला और ज्यादा चर्चाओं में है।

वसूली विवाद बना भिड़ंत की वजह, जेएलकेएम ने थाने का घेराव किया

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना 18 नवंबर की देर रात डोमटांड चौक पर हुई। आरोप है कि आरक्षी नरेश कुमार यादव और चौकीदार सनातन मांझी बालू लदे वाहनों से वसूली कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि आरक्षी नरेश ने तरुण महतो के संरक्षण में चल रहे एक हाइवा को रोक लिया, जिसके बाद हालात बिगड़ गए।

सूचना मिलते ही रात करीब 1:45 बजे तरुण महतो स्कॉर्पियो और बोलेरो में समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। झगड़े में कई लोग घायल हुए। बुधवार सुबह मामला तूल पकड़ने पर जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया और पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया।

जेएलकेएम नेता देवेंद्र महतो ने आरोप लगाया कि ईचागढ़ पुलिस के संरक्षण में अवैध बालू कारोबार फल-फूल रहा है, और जो लोग इसका विरोध करते हैं, उन्हें झूठे मामले में फंसाया जाता है। उन्होंने गिरफ्तार नेताओं पर दर्ज केस वापस लेने, थाना प्रभारी और आरक्षी को निलंबित करने की मांग की।

Exit mobile version