Site icon Jharkhand LIVE

धोनी के शहर रांची के JSCA स्टेडियम में हो सकता है IPL मैच !

धोनी के शहर रांची के JSCA स्टेडियम में IPL के कुछ मैच हो सकते हैं, अगर सब कुछ सही रहा तो रांची में क्रिकेट का रोमांच देखने को मिल सकता है। जानकारी के अनुसार इस वर्ष 26 से 31 मार्च तक होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) के कुछ मैचों की मेजबानी झारखंड राज्य क्रिकेट संघ को मिल सकती है।

हालांकि, यह अभी तक निश्चित नहीं है, लेकिन आइपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक में रांची को प्रस्तावित आयोजन स्थल के रूप में रखा गया है।

सूत्रों के अनुसार रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रायल्स के होम ग्राउंड पर मैच न होने की आशंका के चलते रांची को एक विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।

पिछली बार रायल चैलेंजर्स की खिताबी जीत के बाद हुई भगदड़ के कारण गवर्निंग काउंसिल चाहती है कि कर्नाटक क्रिकेट संघ इस संबंध में राज्य सरकार से बात कर अपनी स्थिति 27 जनवरी तक स्पष्ट कर दे।

वहीं, राजस्थान में भी आपसी विवाद को देखते हुए इसे जल्द सुलझाने के लिए कहा गया है। यदि यह मुद्दा समय पर हल नहीं होता है तो दोनों स्थानों के मैच अन्य शहरों में आयोजित किए जा सकते हैं।

 

गवर्निंग काउंसिल ने कुछ शहरों को शार्टलिस्ट किया है, इनमें रांची भी शामिल

इसके लिए गवर्निंग काउंसिल ने कुछ शहरों को शार्टलिस्ट किया है, जिनमें रांची भी शामिल है। यदि इस बार झारखंड राज्य क्रिकेट संघ को आइपीएल की मेजबानी मिलती है, तो यह लगभग 11 वर्षों के बाद रांची में आइपीएल का मैच होगा।

उल्लेखनीय है कि कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स ने 2013 और 2014 में अपने होम ग्राउंड बनाए थे। इस स्टेडियम में पहला आइपीएल मैच 12 मई 2013 को कोलकाता नाइट राइडर्स और रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया था।

वहीं 2015 में आखिरी मैच चेन्नई सुपर किंग्स और रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच हुआ था। जयपुर और बेंगलुरु में आइपीएल मैच आयोजित न कराने पर रांची को प्रस्तावित आयोजन स्थल के रूप में रखा गया है

 

Exit mobile version