रांची। IPL Auction 2026 में झारखंड के क्रिकेटरों ने एक बार फिर राज्य का नाम रोशन किया है। रांची के दो युवा गेंदबाज—सुशांत मिश्रा और अमित कुमार—को IPL फ्रेंचाइजियों ने अपने-अपने स्क्वाड में शामिल कर लिया है। यह उपलब्धि न सिर्फ खिलाड़ियों के लिए, बल्कि झारखंड के उभरते क्रिकेट टैलेंट के लिए भी बड़ी मानी जा रही है।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा को Rajasthan Royals ने 90 लाख रुपये की बोली लगाकर अपने साथ जोड़ा। सुशांत की बेस प्राइस 30 लाख रुपये थी, लेकिन नीलामी के दौरान Kolkata Knight Riders और राजस्थान के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। अंततः राजस्थान ने उन्हें अपने स्क्वाड में शामिल किया।
पिछले सीजन में सुशांत Gujarat Titans का हिस्सा थे, जहां उन्हें 2.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। हालांकि इस बार गुजरात ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसके बावजूद सुशांत ने घरेलू क्रिकेट, खासकर Syed Mushtaq Ali Trophy में अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं और फ्रेंचाइजियों का ध्यान खींचा।
किसान परिवार से IPL तक का सफर, अमित कुमार बने युवाओं की प्रेरणा
रांची की साईं धुर्वा क्रिकेट एकेडमी से प्रशिक्षित लेग स्पिन गेंदबाज अमित कुमार को Sunrisers Hyderabad ने 30 लाख रुपये में खरीदा है। अमित मूल रूप से बिहार के सासाराम जिले से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता किसान हैं और भाई होमगार्ड में कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अमित ने कभी अपने सपनों से समझौता नहीं किया।
अमित आठ वर्ष की उम्र से क्रिकेट का अभ्यास कर रहे हैं और अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। अंडर-23 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में वे देश के सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में सातवें स्थान पर रहे थे।
वर्तमान में अमित Syed Mushtaq Ali Trophy में झारखंड टीम का हिस्सा हैं। इस टूर्नामेंट में झारखंड ने फाइनल तक का सफर तय किया है, जिसमें अमित की भूमिका अहम मानी जा रही है।
सुशांत मिश्रा के पिता समीर मिश्रा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में सुशांत अपने प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में भी जगह बनाएंगे।