Site icon Jharkhand LIVE

IRCTC की ‘भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन’ से सीनियर सिटीजन्स को ज्योतिर्लिंग व शिरडी साईं दर्शन का मौका

Ai generated image

भारत सरकार के उपक्रम Indian Railway Catering and Tourism Corporation (IRCTC) की ओर से ‘भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन’ के माध्यम से देशभर के सीनियर सिटीजन्स को ज्योतिर्लिंग और शिरडी साईं बाबा के दर्शन कराने की विशेष पहल की जा रही है। यह यात्रा ‘देखो अपना देश’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत किफायती दरों पर आयोजित की जा रही है।

बुधवार को गिरिडीह के एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में आईआरसीटीसी के जोनल इंचार्ज मोइनक दत्ता और झारखंड टूरिज्म रांची के इंचार्ज अरविंद कुमार ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह यात्रा 11 रात और 12 दिन की होगी, जिसमें देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग (उज्जैन), सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, द्वारकाधीश मंदिर व नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, साईं बाबा मंदिर, त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग तथा घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे।

इस यात्रा के लिए इकॉनमी क्लास का शुल्क 23,315 रुपये, स्टैंडर्ड क्लास का 41,570 रुपये और कम्फर्ट क्लास का 50,410 रुपये निर्धारित किया गया है। इस पैकेज में यात्रा, भोजन, ठहरने और स्थानीय भ्रमण की पूरी सुविधा शामिल है, जिससे यात्रियों को अलग से कोई खर्च नहीं करना पड़ेगा।

यह विशेष ट्रेन झारसुगुड़ा से शुरू होकर राउरकेला, रांची, मूरी, बोकारो, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, राजगीर, बिहार शरीफ, पटना और बक्सर होते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक जाएगी।

आईआरसीटीसी की ओर से ट्रेन में एसी और नॉन-एसी कोच की व्यवस्था की गई है। साथ ही, स्टेशन पर उतरने के बाद धार्मिक स्थलों तक पहुंचाने के लिए भी एसी और नॉन-एसी वाहनों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

अधिक लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए 10 से ज्यादा लोगों की ग्रुप बुकिंग पर प्रति व्यक्ति 750 रुपये की छूट भी दी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि यह सेवा वर्ष 2023 से शुरू की गई है और पिछले वर्ष गिरिडीह से करीब 30 लोगों ने इस यात्रा का लाभ उठाया था।

Exit mobile version