भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन अब जल्द ही महेंद्र सिंह धोनी के पड़ोसी बनने जा रहे हैं। रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (RRDA) ने रांची के नगड़ी अंचल स्थित दलादली इलाके में ईशान किशन की प्रस्तावित 11 मंजिला आलीशान बिल्डिंग के नक्शे को मंजूरी दे दी है।
रिंग रोड किनारे बनेगा हाईटेक प्रोजेक्ट
यह बहुमंजिला प्रोजेक्ट रांची के दलादली क्षेत्र में रिंग रोड के किनारे बनाया जाएगा। खास बात यह है कि यह बिल्डिंग धोनी के प्रसिद्ध ‘कैलाशपति’ फार्म हाउस से महज करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित होगी। प्रोजेक्ट खाता संख्या-1 और प्लॉट संख्या-515 की लगभग 75 डिसमिल जमीन पर विकसित किया जाएगा।
RRDA ने G+10 यानी कुल 11 मंजिला भवन निर्माण योजना को स्वीकृति दी है। इस पूरे प्रोजेक्ट में एक ही ब्लॉक बनाया जाएगा।
दो फ्लोर होंगे कमर्शियल, बाकी में लग्जरी फ्लैट
मिली जानकारी के अनुसार, बिल्डिंग के शुरुआती दो तल्लों का इस्तेमाल कमर्शियल गतिविधियों के लिए किया जाएगा। यहां ऑफिस और शोरूम बनाए जाएंगे। वहीं ऊपरी आठ तल्लों में लग्जरी रेसिडेंशियल फ्लैट विकसित किए जाएंगे।
इस हाईटेक परिसर में आधुनिक सुविधाओं का भी खास ध्यान रखा गया है। परिसर में प्लेग्राउंड, गेस्ट हाउस और ओपन एरिया जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
रांची में बढ़ रहा क्रिकेट सितारों का लग्जरी हब
धोनी के फार्म हाउस के आसपास अब धीरे-धीरे हाई-प्रोफाइल और लग्जरी प्रोजेक्ट्स का विकास हो रहा है। ईशान किशन का यह नया प्रोजेक्ट भी रांची के प्रीमियम रिहायशी इलाकों में शामिल माना जा रहा है।
इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद ईशान किशन आधिकारिक तौर पर महेंद्र सिंह धोनी के नए पड़ोसी बन जाएंगे।

