झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने 11वीं परीक्षा 2026 का रिजल्ट आधिकारिक रूप से जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल छात्र अब अपना परिणाम ऑनलाइन माध्यम से रोल नंबर और रोल कोड की मदद से आसानी से चेक कर सकते हैं।
99.12% रहा कुल पासिंग प्रतिशत
इस वर्ष कुल 3,61,683 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 3,58,533 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 3,55,399 छात्र सफल रहे। इस तरह कुल पासिंग प्रतिशत 99.12% दर्ज किया गया, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है।
छात्राओं ने फिर मारी बाजी
राज्यभर में छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा। छात्राओं का पासिंग प्रतिशत 99.16% रहा, जबकि छात्रों का पासिंग प्रतिशत 99.08% दर्ज किया गया।
रांची जिले का भी बेहतर रिजल्ट
रांची जिले में कुल 34,907 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें 34,642 परीक्षा में शामिल हुए और 34,286 छात्र सफल रहे। जिले का पासिंग प्रतिशत 98.97% रहा, जो पिछले वर्ष 98.68% से बेहतर है।
रांची में छात्राओं ने यहां भी बेहतर प्रदर्शन किया। 19,098 छात्राओं में से 18,812 पास हुईं, जिनका पासिंग प्रतिशत 99.10% रहा। वहीं, छात्रों का पासिंग प्रतिशत 98.81% दर्ज किया गया।
गुमला और गिरिडीह रहे टॉप पर
राज्य में गुमला और गिरिडीह जिले 99.60% पासिंग प्रतिशत के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहे। इन जिलों ने इस वर्ष सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है।
योगदा कॉलेज का शत-प्रतिशत रिजल्ट
रांची के योगदा सत्संग इंटरमीडिएट महाविद्यालय, धुर्वा का रिजल्ट इस बार 100% रहा। आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस तीनों स्ट्रीम में सभी छात्र सफल रहे।
मार्कशीट और आगे की प्रक्रिया
ऑनलाइन जारी मार्कशीट अस्थायी होती है, जिसमें छात्र का नाम, विषयवार अंक और पास/फेल की स्थिति दी जाती है। मूल मार्कशीट बाद में स्कूल से मिलेगी। जो छात्र पास हुए हैं, वे अब 12वीं में प्रवेश ले सकेंगे, जबकि असफल छात्रों को सुधार या सप्लीमेंट्री परीक्षा का मौका मिलेगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने दी बधाई
रिजल्ट जारी करते हुए जैक बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. नटवा हंसदा ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

