Site icon Jharkhand LIVE

जमशेदपुर बंद को लेकर हाई अलर्ट, 49 संवेदनशील स्थानों पर 630 जवान और 73 मजिस्ट्रेट तैनात

जमशेदपुर: करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की हत्या और शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में एनडीए (भाजपा, जदयू, आजसू और लोजपा) द्वारा आहूत ‘जमशेदपुर बंद’ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए शहर के 49 संवेदनशील स्थानों पर 630 लाठी बल, 73 मजिस्ट्रेट और 20 पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।

 

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए साकची, बिष्टुपुर, मानगो, सोनारी, कदमा और एमजीएम थाना क्षेत्रों में धारा 163 लागू कर दी है। संवेदनशील इलाकों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है, जबकि पुलिस ने शहर को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर विशेष गश्ती शुरू कर दी है। बंद से पहले एसएसपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च भी निकाला गया।

 

बंद के दौरान शहर के कई प्रमुख बाजारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद रखा गया है। सुरक्षा कारणों से कई स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों ने भी अवकाश घोषित किया है। वहीं, सार्वजनिक परिवहन सेवाएं प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

हालांकि, आम लोगों की सुविधा को देखते हुए अस्पताल, एम्बुलेंस, दवा दुकानें, दूध की आपूर्ति और अन्य आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है।

 

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान यदि कोई व्यक्ति कानून-व्यवस्था भंग करने, सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या हिंसा फैलाने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version