Site icon Jharkhand LIVE

जमशेदपुर में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी, 161 घरों को तोड़ने का नोटिस; लोगों ने पुनर्वास की उठाई मांग

पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन और मानगो नगर निगम ने सरकारी और स्वर्णरेखा नदी के डूब क्षेत्र में बने अतिक्रमणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। इस अभियान के तहत कुल 161 घरों को ध्वस्त करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। कार्रवाई की खबर के बाद प्रभावित क्षेत्रों के लोगों में चिंता का माहौल है और वे पुनर्वास की मांग कर रहे हैं।

प्रशासन के अनुसार, मानगो थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी किनारे वार्ड संख्या 8 के तीन और वार्ड संख्या 10 के 13 मकानों समेत कुल 16 निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। नोटिस पाने वालों में साईं सूरज आश्रम सहित कई अन्य निर्माण भी शामिल हैं।

वहीं, भुइयांडीह के इंद्रानगर और कल्याणनगर बस्ती में 145 घरों को चिह्नित कर ध्वस्तीकरण का नोटिस दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि National Green Tribunal के निर्देशों के तहत स्वर्णरेखा नदी के फ्लड जोन और तटबंध क्षेत्र में किए गए अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

नोटिस मिलने के बाद बड़ी संख्या में प्रभावित लोग उपायुक्त कार्यालय और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मिलने पहुंचे। बस्तीवासियों का कहना है कि वे वर्षों से इन इलाकों में रह रहे हैं। उनके पास बिजली-पानी के कनेक्शन, वोटर आईडी और अन्य सरकारी दस्तावेज भी हैं। उनका कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था या पुनर्वास के उन्हें बेघर करना उचित नहीं होगा।

संभावित विरोध को देखते हुए जिला प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की है। प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई नियमानुसार और सुरक्षा व्यवस्था के बीच की जाएगी

Exit mobile version