Site icon Jharkhand LIVE

जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत 4 की मौत

झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की जमशेदपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा गुरुवार, 24 सितंबर की तड़के सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रेलर से जा टकराई। हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह के अलावा सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक हादसा करीब सुबह 3 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में घुस गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

कैसे हुआ हादसा?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेलर बुधवार रात से ही खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार उसके पीछे जा घुसी। हादसे की सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस और डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त कार से शवों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती रिपोर्टों में ट्रेलर के सड़क पर खड़े होने और कार की गति को लेकर जानकारी सामने आयी है, हालांकि दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच जारी है।

परिवार में मचा कोहराम

हादसे की सूचना मिलने के समय मंत्री दीपिका पांडेय सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र महागामा में थीं। जानकारी मिलने के बाद वह जमशेदपुर के लिए रवाना हो गईं। घटना की खबर से परिवार और करीबियों में शोक की लहर है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी घटना पर दुख जताते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत अन्य नेताओं ने भी हादसे पर शोक जताया है।

Exit mobile version