झारखंड के जमशेदपुर की रहने वाली तनीषा गौतम ने भारत के तकनीकी इतिहास में नया अध्याय जोड़ते हुए देश की पहली Made in India कमर्शियल सेमीकंडक्टर चिप बनाने वाली कोर टीम में जगह बनाई है। गुजरात के साणंद स्थित CG Semi OSAT प्लांट के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तनीषा से सीधे संवाद करेंगे।
भारत की पहली कमर्शियल सेमीकंडक्टर चिप
साणंद में स्थापित देश के पहले कमर्शियल सेमीकंडक्टर चिप प्लांट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसी अवसर पर भारत में निर्मित पहली कमर्शियल सेमीकंडक्टर चिप की पहली खेप जापान के एक अंतरराष्ट्रीय ग्राहक को सौंपी जाएगी। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में तनीषा गौतम को प्रधानमंत्री से अपने अनुभव साझा करने के लिए चुना गया है।
जमशेदपुर से सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री तक का सफर
तनीषा गौतम ने अपनी स्कूली शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, टाटानगर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने NTTF-TSTI से इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया। करियर की शुरुआत डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज से करने के बाद वह वर्तमान में गुजरात के साणंद स्थित CG Semi प्लांट में जूनियर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं।
परिवार के लिए गर्व का पल
तनीषा के पिता त्रिपुरारी गौतम और मां प्रेमलता कुमारी ने बताया कि 18 वर्ष की उम्र में पढ़ाई के लिए घर से बाहर निकली उनकी बेटी आज आत्मनिर्भर भारत के सबसे बड़े तकनीकी मिशनों में से एक का हिस्सा बन गई है। यह उपलब्धि पूरे परिवार के साथ-साथ झारखंड के लिए भी गर्व का विषय है।
भारत की सेमीकंडक्टर निर्माण क्षमता को मजबूत करने की दिशा में तनीषा गौतम की यह उपलब्धि देश के तकनीकी आत्मनिर्भरता मिशन के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
