Site icon Jharkhand LIVE

जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 साइबर ठग गिरफ्तार; 27 मोबाइल, 39 सिम और टैब बरामद

साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना पुलिस ने करमाटांड़ और जामताड़ा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 27 मोबाइल फोन, 39 सिम कार्ड और एक टैब बरामद किया गया है।

जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सियाटांड़ और मट्टांड़ तथा जामताड़ा थाना क्षेत्र के मोहड़ा-पोसोई मार्ग के समीप झाड़ियों में छापेमारी की गई। इस दौरान साइबर ठगी करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में मुजाहिद अंसारी, सलामत अंसारी, सनवर अंसारी, तबारक अंसारी, सरफराज अंसारी (सभी मट्टांड़, करमाटांड़), रोक्की कुमार दास, अर्जुन दास, सचिन दास (सभी पोसोई, जामताड़ा) तथा अमृत रूईदास (दासपाड़ा, बराकर, पश्चिम बर्द्धमान) शामिल हैं।

ऐसे देते थे साइबर ठगी को अंजाम

एसपी ने बताया कि आरोपी फोनपे कैशबैक का फर्जी संदेश भेजकर लोगों को लिंक स्वीकार करने के लिए प्रेरित करते थे और इसके बाद उनके खातों से रकम उड़ा लेते थे। इसके अलावा गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर लोगों को जाल में फंसाते थे। आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी और ओटीपी हासिल कर फर्जी बैंक खातों और ई-वॉलेट के जरिए ठगी करते थे।

दो आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मुजाहिद अंसारी और सलामत अंसारी पहले भी साइबर अपराध के मामलों में शामिल रहे हैं। वहीं, अमृत रूईदास अपने ससुराल में रहकर साइबर ठगी के नेटवर्क का संचालन कर रहा था।

विभिन्न धाराओं में दर्ज हुआ मामला

इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 44/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

एसपी शंभू कुमार सिंह ने कहा कि जामताड़ा पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाती रहेगी और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version