Site icon Jharkhand LIVE

JPSC-JSSC विवाद: झारखंड बंद के बीच रांची में ABVP का विधानसभा मार्च, पुलिस से झड़प; कई कार्यकर्ता हिरासत में

JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन और 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने मंगलवार, 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद के बीच राजधानी रांची में ABVP ने विधानसभा मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा तक निकला मार्च

ABVP कार्यकर्ताओं ने पुरानी विधानसभा परिसर से नई विधानसभा की ओर मार्च शुरू किया। पुरानी विधानसभा के गेट के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। आगे बढ़ने को लेकर दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई।

पुलिस ने बिना अनुमति आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की थी। कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस बसों में बैठाया गया। हिरासत का विरोध करते हुए कुछ छात्र बसों की छत पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

रांची के कई इलाकों में टायर जलाकर सड़क जाम

बंद समर्थकों ने राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में सड़क जाम करने की कोशिश की। हरमू चौक, किशोरगंज चौक, अरगोड़ा और कांके रोड स्थित CMPDI गेट के आसपास टायर जलाकर विरोध जताया गया। हरमू चौक पर कुछ प्रदर्शनकारी JCB मशीन लेकर भी सड़क पर पहुंच गए।

टायर जलाने और सड़क जाम किए जाने से कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। इससे आम लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।

सुरक्षा के लिए 3 हजार से ज्यादा जवान तैनात

बंद और प्रदर्शन को देखते हुए रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौक-चौराहों पर 3 हजार से अधिक अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

कई स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित

बंद और प्रदर्शन को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर रांची के कई निजी और प्रमुख स्कूलों ने मंगलवार को शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रखने का फैसला किया है। इससे बंद का असर आम जनजीवन पर भी दिखाई दे रहा है।

10 अगस्त के लाठीचार्ज के विरोध में बंद

भाजपा ने यह बंद 10 अगस्त को JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर हुए विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुलाया है। सोमवार को हजारों छात्र विधानसभा की ओर मार्च कर रहे थे। बैरिकेडिंग तोड़ने के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया था। इसके बाद लाठीचार्ज भी हुआ था।

छात्र संगठनों का दावा है कि कार्रवाई में बड़ी संख्या में छात्र घायल हुए। इसी घटना के विरोध में भाजपा ने मंगलवार को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।

18वें दिन भी जारी है छात्र आंदोलन

JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन मंगलवार को 18वें दिन भी जारी है। आंदोलनकारी 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने, भर्ती परीक्षाओं की जांच और भविष्य की परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

बंद और लगातार हो रहे प्रदर्शनों के बीच रांची में प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यातायात और आम जनजीवन को सामान्य रखने की चुनौती बनी हुई है।

Exit mobile version