Site icon Jharkhand LIVE

31 मई को होगी झारखंड बीएड प्रवेश परीक्षा, 45 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

झारखंड में बीएड, एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए 31 मई को संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 आयोजित की जाएगी। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) की ओर से आयोजित इस परीक्षा में राज्यभर से 45 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।

परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 9 बजे से शुरू होगा, जबकि परीक्षा आरंभ होने से 15 मिनट पहले केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा सहित आठ जिला मुख्यालयों में कुल 94 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें रांची में सबसे अधिक 30 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

प्रवेश परीक्षा ऑफलाइन मोड में ओएमआर शीट पर आयोजित होगी। प्रश्नपत्र में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंक की कटौती की जाएगी।

राज्य के 136 सरकारी और गैर-सरकारी बीएड कॉलेजों में लगभग 13,600 स्वीकृत सीटों पर नामांकन इसी परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। अभ्यर्थियों की मेरिट सूची प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।

Exit mobile version