झारखंड के मेधावी विद्यार्थियों को 28 नवंबर को राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह में सम्मानित किया जायेगा. खेलगांव में आयोजित होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री के हाथों 29 चयनित छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जायेगा. इनमें जैक, सीबीएसइ और आइसीएसइ की वर्ष 2026 की 10वीं एवं 12वीं परीक्षा के टॉपर, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थी, झारखंड राज्य ओलिंपियाड के विजेता और आकांक्षा के माध्यम से देश के इंजीनियरिंग संस्थानों में चयनित टॉपर शामिल हैं.
पहले स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों को मिलेंगे तीन लाख रुपये
पुरस्कार के तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को तीन लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को दो लाख रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को एक लाख रुपये दिये जायेंगे. इसके साथ सभी चयनित विद्यार्थियों को लैपटॉप और मोबाइल भी प्रदान किया जायेगा. तीनों बोर्ड के टॉपर्स को मिलाकर कुल 80 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जायेगा.
जिला स्तर पर भी सम्मानित होंगे दूसरे और तीसरे स्थान के विद्यार्थी
जैक, सीबीएसइ और आइसीएसइ की 10वीं एवं 12वीं परीक्षा में द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जायेगा. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के द्वितीय एवं तृतीय टॉपर, आकांक्षा के माध्यम से चयनित अन्य विद्यार्थी और ई-शिक्षा महोत्सव के विजेता भी जिला स्तरीय पुरस्कार समारोह में शामिल होंगे.
सभी जिलों को 27 नवंबर तक पुरस्कार एवं अन्य सामग्री प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है. जिला स्तरीय पुरस्कार समारोह भी 28 नवंबर को आयोजित होगा. राज्य और जिला स्तर को मिलाकर कुल 235 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जायेगा.

