झारखंड में सर्दी ने इस बार रिकॉर्ड तोड़ असर दिखाना शुरू कर दिया है। पूरा राज्य इस समय भीषण शीतलहर की चपेट में है और तापमान लगातार जमाव बिंदु की ओर लुढ़क रहा है। हालात ऐसे हैं कि राज्य के छह जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। शनिवार को लोहरदगा राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर महज 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम के इस तीखे प्रकोप का असर जनजीवन पर साफ दिख रहा है। कड़ाके की ठंड के कारण गिरिडीह जिले के मोतीलेदा निवासी प्रेम राय (37) और कोडरमा जिले के राणे गांव के भुवनेश्वर रजक (75) की मौत हो गई। दोनों मामलों में अत्यधिक ठंड को मौत का कारण माना जा रहा है।
राजधानी रांची में भी सर्दी का असर तेज रहा। रविवार को रांची का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री, जबकि कांके में 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हजारीबाग, गुमला, डालटनगंज और खूंटी जैसे जिलों में भी पारा सामान्य से कई डिग्री नीचे चला गया है, जिससे लोगों को दिन-रात कंपकंपी का सामना करना पड़ रहा है।
16 जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट, कोहरे से उड़ानें और ट्रेन सेवाएं प्रभावित
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए झारखंड के 16 जिलों में कड़ाके की ठंड की चेतावनी जारी की है। विभाग की ओर से ऑरेंज और यलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण ठंड और बढ़ गई है। वहीं, ठंडी हवा के गर्म और नम हवा से टकराने के कारण सुबह और शाम घना कोहरा छा रहा है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है।
इसका सीधा असर हवाई और रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। कोहरे और खराब दृश्यता के कारण कोलकाता–रांची, दिल्ली–रांची, मुंबई–रांची और बेंगलुरु–रांची रूट की कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि फिलहाल 27 दिसंबर तक ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान राज्य में दिन और रात दोनों समय कनकनी बनी रहेगी। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने और विशेष रूप से बुजुर्गों व बच्चों का ध्यान रखने की सलाह दी है।
23 दिसंबर को रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह और देवघर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 22 दिसंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और हजारीबाग जिलों में ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहा।