Site icon Jharkhand LIVE

दिल्ली में कांग्रेस की महारैली के लिए झारखंड से 13 बसें रवाना, बंधु तिर्की और शिल्पी नेहा तिर्की ने दिखाई हरी झंडी

दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को आयोजित होने वाली कांग्रेस की महारैली को लेकर झारखंड में तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को रांची में कांग्रेस नेता बंधु तिर्की के आवास से 13 बसों में भरकर कार्यकर्ता और समर्थक दिल्ली के लिए रवाना हुए। बंधु तिर्की और मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने कांग्रेस का झंडा दिखाकर बसों को रवाना किया। दोनों नेताओं ने दावा किया कि महारैली में झारखंड से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।

लोकतंत्र बचाने के लिए दिल्ली में जुटेंगे लोग: बंधु तिर्की

कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाने के उद्देश्य से एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि अपने हजारों समर्थकों को बसों के जरिए दिल्ली भेजा जा रहा है। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग ट्रेन से भी दिल्ली पहुंच रहे हैं।

बंधु तिर्की ने दावा किया कि रामलीला मैदान में होने वाली महारैली ऐतिहासिक होगी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि इस आंदोलन के जरिए भारतीय जनता पार्टी पर दबाव बनाया जाएगा।

राहुल गांधी के नेतृत्व में होगा आंदोलन: शिल्पी नेहा तिर्की

मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए राहुल गांधी ने ‘चलो दिल्ली’ का नारा दिया है। एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली महारैली में झारखंड की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता और समर्थक रवाना हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड से हजारों समर्थक दिल्ली जा रहे हैं। लोग बस, ट्रेन और फ्लाइट समेत अलग-अलग माध्यमों से दिल्ली पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं। शिल्पी नेहा तिर्की के मुताबिक, कई लोग खुद उनसे महारैली में शामिल होने की इच्छा जता रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में रामलीला मैदान में बड़ा आंदोलन होगा। साथ ही उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।

Exit mobile version