झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार पाने का अच्छा अवसर है. राज्य के पांच जिलों गुमला, लोहरदगा, खूंटी, पलामू और लातेहार में रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है. इन रोजगार मेलों के माध्यम से करीब 10 हजार अभ्यर्थियों को नौकरी का अवसर मिलेगा. श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से इसकी तैयारी की गयी है. विभिन्न कंपनियां अलग-अलग पदों पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगी.
लातेहार जिले में दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला 25 नवंबर को खेल स्टेडियम में लगेगा. इसमें 14 कंपनियां 2228 रिक्तियों के साथ पहुंच रही हैं. यहां 10वीं, 12वीं पास, सेलेक्टर, ग्रेजुएट, आइटीआइ पास, बीएड और बीटेक सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे.
वहीं, खूंटी के कचहरी मैदान में 23 नवंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जायेगा. इसमें कुल 2306 पदों के लिए अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया है. महिलाओं के लिए भी पद रखे गये हैं. 8वीं, 10वीं, 12वीं, आइटीआइ के साथ स्नातक और डिप्लोमा पास अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं. मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, बीएससी, नर्सिंग डिप्लोमा, एमबीबीएस, बीएएमएस, एएनएम और बीसीएचएमएस सहित विभिन्न योग्यताओं वाले उम्मीदवारों को मौका मिलेगा.
लोहरदगा में 26 नवंबर को लगेगा मेला
लोहरदगा के कुडू आइटीआइ परिसर में 26 नवंबर को रोजगार मेला लगाया जायेगा. इसमें 14 कंपनियां 2258 पदों पर नियुक्ति के लिए पहुंचेंगी. यहां बीमा सखी, एएसएम, इंश्योरेंस एडवाइजर, सेंटर मैनेजर, एकाउंट एग्जीक्यूटिव, एचआर एग्जीक्यूटिव, कुक, फील्ड अफसर, टीचर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और रिलेशनशिप अफसर सहित कई पदों पर नियुक्तियां की जायेंगी.
इन रोजगार मेलों में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी पाने का अवसर मिलेगा. अभ्यर्थियों को संबंधित रोजगार मेले में पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग लेना होगा.

