रांची: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग की कार्यप्रणाली से नाराज होकर अपनी पूरी सुरक्षा राज्य सरकार को लौटा दी है। उन्होंने अपनी सुरक्षा में तैनात सभी 16 पुलिस जवानों और कारकेड में शामिल तीन बोलेरो वाहनों को वापस कर दिया। इसके बाद वह बिना किसी सुरक्षा घेरे के ही अपने सरकारी कार्यक्रमों में शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार, वित्त मंत्री ने 29 जून को पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर सुरक्षा में तैनात जवानों के आवागमन के लिए एक अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। उनका कहना था कि 16 जवानों को केवल तीन वाहनों में सफर करना पड़ता है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है।
मंत्री का आरोप है कि उनकी मांग पर कार्रवाई करने के बजाय वित्त विभाग के संयुक्त सचिव के माध्यम से उनके आप्त सचिव को नोटिस भेज दिया गया, जिसे उन्होंने अपमानजनक बताया। इसके विरोध में उन्होंने अपनी पूरी सुरक्षा वापस करने का निर्णय लिया।
सुरक्षा लौटाने के बाद शुक्रवार को राधाकृष्ण किशोर बिना किसी सुरक्षा काफिले के रांची के खेलगांव स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे और वहां से सीधे प्रोजेक्ट भवन सचिवालय गए।
इस घटनाक्रम ने राज्य के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है। हालांकि, इस मामले पर अब तक मुख्यमंत्री कार्यालय, गृह विभाग या पुलिस मुख्यालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।