Site icon Jharkhand LIVE

Jharkhand Foundation Day 2026: स्थापना दिवस पर 235 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे CM हेमंत सोरेन, मिलेंगे 3 लाख रुपये और लैपटॉप

झारखंड के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार 15 नवंबर 2026 को झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर जैक (JAC), सीबीएसई (CBSE) और आईसीएसई (ICSE) बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में स्टेट टॉपर रहे विद्यार्थियों को सम्मानित करेगी। स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने हाथों से विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को नकद राशि के साथ लैपटॉप, मोबाइल और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।

शिक्षा विभाग के अनुसार, इस समारोह में कुल 235 विद्यार्थियों को सम्मानित करने की तैयारी है। इनमें बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर के अलावा सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस और विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थी भी शामिल होंगे। इसे लेकर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को पत्र जारी कर आवश्यक तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है।

स्टेट टॉपर्स को मिलेंगे 3 लाख, 2 लाख और 1 लाख रुपये

जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में टॉप थ्री स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके तहत प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थी को 3 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 2 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाले विद्यार्थी को 1 लाख रुपये मिलेंगे।

इसके साथ ही राज्य सरकार की ओर से संचालित आकांक्षा कोचिंग के सफल विद्यार्थियों को भी उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

JEE, NEET और CLAT में सफल विद्यार्थियों को भी मिलेगा पुरस्कार

बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर्स के अलावा प्रतियोगिता परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी स्थापना दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। आकांक्षा कोचिंग के कुल 50 विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने की तैयारी है।

इनमें जेईई (JEE) में सफलता हासिल करने वाले 35 और नीट (NEET) में सफल 12 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा क्लैट (CLAT) में सफल विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

15 नवंबर को आयोजित होने वाले सम्मान समारोह के लिए शिक्षा विभाग ने बड़े स्तर पर तैयारी की है। कुल 235 विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने के लिए 1.46 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

विद्यार्थियों को दिए जाने वाले पुरस्कारों का विवरण इस प्रकार है:

नकद पुरस्कार राशि – 1.46 करोड़ रुपये

लैपटॉप – 226

मोबाइल – 80

टैब – 9

कुल सम्मानित विद्यार्थी – 235

13 नवंबर तक देनी होगी विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि सम्मान समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की जानकारी 13 नवंबर तक उपलब्ध कराई जाए।

यदि कोई चयनित विद्यार्थी किसी कारणवश समारोह में शामिल नहीं हो पाता है, तो ऐसी स्थिति में उसके माता-पिता समारोह में उपस्थित हो सकेंगे। शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से संपर्क कर कार्यक्रम की तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है।

Exit mobile version