चेन्नई में आयोजित 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता. 23 से 27 अक्तूबर तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंडर-20 बालिका 4 गुणा 400 मीटर रिले स्पर्धा में झारखंड की चौकड़ी ने तीसरा स्थान हासिल किया. अनामिका उरांव, चिंतामणि टूंटी, शिवानी कुमारी और पूनम कुमारी की टीम ने दौड़ 3 मिनट 54.43 सेकेंड में पूरी की. इस स्पर्धा में तमिलनाडु ने स्वर्ण और महाराष्ट्र ने रजत पदक जीता.
कई स्पर्धाओं में झारखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन
रिले में कांस्य पदक जीतने के अलावा झारखंड के खिलाड़ियों ने अन्य स्पर्धाओं में भी अपनी प्रतिभा दिखायी. बालिका अंडर-20 की 400 मीटर बाधा दौड़ में शिवानी कुमारी चौथे स्थान पर रहीं. बालक अंडर-18 ऊंची कूद में हिमांशु सिंह ने पांचवां और बालिका अंडर-20 भाला फेंक में सविता मुर्मू ने छठा स्थान हासिल किया.
बालक अंडर-20 की 200 मीटर दौड़ में साकेत मिंज और बालक अंडर-16 की 600 मीटर दौड़ में सुभाष उरांव सातवें स्थान पर रहे. वहीं, बालिका अंडर-18 स्पर्धा में ममता मेरी मुर्मू आठवें स्थान पर रहीं. खिलाड़ियों के इन प्रदर्शनों ने राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की जूनियर एथलेटिक्स प्रतिभा को सामने रखा.
कांस्य विजेता टीम को खेल पदाधिकारियों ने दी बधाई
झारखंड की रिले टीम के कांस्य पदक जीतने पर खेल जगत से जुड़े पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी. बधाई देने वालों में खेल निदेशक छवि रंजन, झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सीडी सिंह, सचिव एसके पांडेय, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की वित्त समिति के चेयरमैन डॉ. मधुकांत, मुकेश कुमार, रवींद्र मुर्मू, आशीष झा, प्रभाकर वर्मा और डीएसओ उमेश लोहरा समेत अन्य शामिल हैं.
टीम के कोच योगेश यादव और मैनेजर राघवेंद्र कुमार सहित टीम से जुड़े अन्य सदस्यों के प्रयासों की भी सराहना की गयी.

