Site icon Jharkhand LIVE

झारखंड में भीषण गर्मी का कहर: लू से 5 की मौत, मेदिनीनगर-गढ़वा में पारा 44 डिग्री पार

झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी और लू अब जानलेवा साबित होने लगी है। शनिवार और रविवार को पूर्वी सिंहभूम और पश्चिम सिंहभूम जिले में लू और गर्मी से पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मेदिनीनगर और गढ़वा रविवार को 44 डिग्री तापमान के साथ राज्य के सबसे गर्म शहर रहे।

पूर्वी सिंहभूम के कोवाली स्थित माटियाल गांव में लू लगने से 30 वर्षीय मोहन सरदार की मौत हो गई। जमशेदपुर के बिष्टूपुर में संतोष उर्फ राजू पगला सड़क किनारे अचानक गिर पड़ा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। वहीं टाटानगर स्टेशन पोर्टिको के पास एक अज्ञात युवक अचेत अवस्था में मिला, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इसके अलावा बर्मामाइंस ट्यूब कंपनी गेट के पास एक अधेड़ का शव बरामद हुआ, जिसकी मौत भी लू से होने की आशंका जताई जा रही है। पश्चिम सिंहभूम के हाटगम्हरिया स्थित कूदापी गांव में 45 वर्षीय महिला का शव पेड़ के नीचे मिला। प्रशासन ने उसकी मौत का कारण भी लू बताया है।

उधर, कुमारडुंगी प्रखंड के बड़ालूंती गांव में शनिवार शाम वज्रपात की चपेट में आने से 9 वर्षीय सूरज तिरिया की मौत हो गई।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से नौतपा का असर और बढ़ सकता है। अगले 2 जून तक राज्य में उमसभरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पलामू, चतरा और गढ़वा में लू से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन रांची समेत कई जिलों में गरज के साथ बादल बनने और कहीं-कहीं आंधी-वज्रपात की संभावना बनी हुई है।

Exit mobile version