झारखंड हाईकोर्ट को बुधवार, 23 सितंबर को तीन नए न्यायाधीश मिल जाएंगे। हाईकोर्ट परिसर में सुबह 10:15 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक नवनियुक्त न्यायाधीश मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर भी तीनों न्यायाधीशों के शपथ ग्रहण से संबंधित सूचना जारी की गई है।
राष्ट्रपति ने 19 सितंबर को दी नियुक्ति को मंजूरी
तीनों न्यायिक अधिकारियों की हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति को राष्ट्रपति ने 19 सितंबर 2026 को मंजूरी दी थी। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की जानकारी दी गई.
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 10 सितंबर को हुई बैठक में तीनों नामों की सिफारिश की थी। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हुई और अब तीनों बुधवार को हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे.
तीनों न्यायाधीश अभी किन पदों पर थे
नवनियुक्त न्यायाधीश मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा झारखंड न्यायिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं। शपथ ग्रहण से पहले तीनों प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे। मनोज प्रसाद गढ़वा, अखिल कुमार साहिबगंज और राम शर्मा डालटनगंज में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में पदस्थापित रहे हैं।
मनोज प्रसाद का न्यायिक सेवा में लंबा अनुभव रहा है। हाईकोर्ट की आधिकारिक जानकारी के अनुसार उन्होंने 1999 में वकालत शुरू की और 2012 में झारखंड सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस में शामिल हुए। वे सिविल मामलों के साथ हाईकोर्ट और जिला अदालत में भी प्रैक्टिस कर चुके हैं।
अखिल कुमार ने भी 1999 में वकालत शुरू की थी। वे पटना हाईकोर्ट और पटना जिला अदालत में सिविल और आपराधिक मामलों में प्रैक्टिस कर चुके हैं। 2012 में वे न्यायिक सेवा में आए। उन्होंने झारखंड में विभिन्न न्यायिक पदों पर काम किया और हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (Establishment) के पद पर भी रहे।
राम शर्मा भी झारखंड न्यायिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी हैं। हाईकोर्ट के उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार वे प्रधान जिला न्यायाधीश के पद पर काम कर चुके हैं और हाईकोर्ट से जुड़े प्रशासनिक दायित्व भी संभाल चुके हैं।
हाईकोर्ट में जजों की कार्यरत संख्या बढ़कर 16 होगी
तीनों नियुक्तियों का असर हाईकोर्ट की न्यायिक क्षमता पर भी पड़ेगा। झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 25 है। तीन नए न्यायाधीशों के शपथ लेने के बाद कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या 16 हो जाएगी। नियुक्ति से पहले हाईकोर्ट में 13 न्यायाधीश कार्यरत थे और 12 पद रिक्त थे।
लंबित मामलों के बीच न्यायाधीशों की संख्या में यह बढ़ोतरी महत्वपूर्ण है। हालांकि नए न्यायाधीशों के शपथ लेने के बाद भी हाईकोर्ट में स्वीकृत पदों की तुलना में नौ पद रिक्त रहेंगे।
हाईकोर्ट परिसर में तैयारियां पूरी
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। आधिकारिक नोटिस के अनुसार समारोह 23 सितंबर को सुबह 10:15 बजे होगा। मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक तीनों नवनियुक्त न्यायाधीशों को शपथ दिलाएंगे।

