Site icon Jharkhand LIVE

दिल्ली से वांछित महिला तस्कर गिरफ्तार, खूंटी की नाबालिग बालिका को सुरक्षित बचाया गया

Jharkhand News: झारखंड की एक वांछित महिला मानव तस्कर को शनिवार सुबह दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान उसके कब्जे से खूंटी जिले की एक नाबालिग बालिका को सुरक्षित मुक्त कराया गया। फिलहाल बच्ची के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई झारखंड सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र (झारखंड भवन, नई दिल्ली) के समन्वय में की गई। अभियान में चाईबासा पुलिस, दिल्ली पुलिस और एक स्थानीय गैर-सरकारी संगठन (NGO) ने संयुक्त रूप से भाग लिया। अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर आवश्यक कानूनी और पुनर्वास संबंधी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रशासन ने कहा है कि मानव तस्करी एक गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं मानव तस्करी से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस या संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें।

Exit mobile version