झारखंड में शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 के आयोजन की तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के तत्वावधान में एक नवंबर को होनेवाली परीक्षा में करीब 5.65 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे. इसके लिए राज्य भर में 986 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. परीक्षा के सफल और सुचारु संचालन को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 29 अक्तूबर को दोपहर 1:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक होगी. इसमें सभी जिलों के अधिकारियों के साथ परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की जायेगी.

परीक्षा को लेकर राज्य के सभी उपायुक्तों और वरीय पुलिस अधीक्षकों व पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश जारी किये गये हैं. बैठक संबंधित जिलों के एनआइसी केंद्रों से होगी. इसमें परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था, सुरक्षा और दिशा-निर्देशों के पालन की समीक्षा की जायेगी.

प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के अभ्यर्थी होंगे शामिल

जेटेट-2026 में प्राथमिक स्तर के लिए 1,95,935 अभ्यर्थी और उच्च प्राथमिक स्तर के लिए 3,69,113 अभ्यर्थी शामिल होंगे. दोनों स्तरों को मिलाकर कुल 5,65,048 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. राज्य भर में बनाये गये 986 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जायेगी.

कदाचारमुक्त परीक्षा कराने पर जोर

राज्य सरकार ने परीक्षा को कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने पर जोर दिया है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह ने सभी उपायुक्तों और एसएसपी व एसपी को पत्र लिखकर परीक्षा के सुचारु संचालन के निर्देश दिये हैं. इसमें प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने को कहा गया है.

परीक्षा की गंभीरता और संभावित चुनौतियों को देखते हुए मुख्य सचिव की ओर से 21 अक्तूबर को पत्रांक 982 के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये थे. वहीं, एक अक्तूबर को जैक की ओर से पत्रांक 929/26 के तहत विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी उपलब्ध करायी गयी थी.

29 अक्तूबर को होनेवाली बैठक में जिलों के वरीय नोडल पदाधिकारी यानी अपर समाहर्ता, कोषागार पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी शामिल होने का निर्देश दिया गया है. बैठक में परीक्षा की तैयारियों और जारी दिशा-निर्देशों के क्रियान्वयन की समीक्षा की जायेगी.