Site icon Jharkhand LIVE

JTET 2026: नकल करते पकड़े गये तो 3 साल की जेल और 5 लाख जुर्माना, 986 केंद्रों पर होगी परीक्षा

झारखंड गठन के बाद राज्य की अब तक की सबसे बड़ी परीक्षा झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) एक नवंबर को आयोजित होगी. परीक्षा को लेकर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. राज्यभर में बनाये गये 986 परीक्षा केंद्रों पर करीब 5.65 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे. परीक्षा को कदाचारमुक्त और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जैक ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं. इस संबंध में जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर परीक्षा के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.

जैक की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, परीक्षा में नकल करते या किसी दूसरे अभ्यर्थी को नकल कराते पकड़े जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी. दोषी परीक्षार्थी को तीन वर्ष तक की जेल और पांच लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है. जुर्माने की राशि जमा नहीं करने की स्थिति में नौ महीने की अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी पड़ सकती है.

धोखाधड़ी करने वालों पर 10 करोड़ तक जुर्माना

परीक्षा संचालन से जुड़े किसी भी स्तर पर अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जायेगी. जैक के दिशा-निर्देशों के अनुसार, परीक्षा के लिए अनुबंधित प्रिंटिंग प्रेस, परिवहन कार्य से जुड़ी अधिकृत संस्था या व्यक्ति और कोचिंग संस्थान यदि किसी तरह की साजिश या अनुचित गतिविधियों में शामिल पाये जाते हैं, तो उन पर दो करोड़ से 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है.

ऐसे मामलों में दोषी व्यक्तियों को कम से कम 10 वर्ष की जेल और अधिकतम आजीवन कारावास की सजा हो सकती है. जैक अध्यक्ष ने गृह विभाग से संबंधित जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया है. साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है.

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और जांच की कड़ी व्यवस्था

जेटेट परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये जायेंगे. इसके तहत परीक्षार्थियों की जांच से लेकर केंद्रों के अंदर और बाहर निगरानी तक की व्यवस्था रहेगी.

परीक्षार्थियों की अनिवार्य जांच: परीक्षा हॉल में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच (फ्रिस्किंग) की जायेगी.

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर रोक: परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कैलकुलेटर और किसी भी तरह के नोट्स ले जाने की अनुमति नहीं होगी.

महिला अभ्यर्थियों की विशेष जांच: महिला परीक्षार्थियों की जांच के लिए पर्याप्त संख्या में महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जायेगी.

पुलिस बल की तैनाती: परीक्षा केंद्रों पर भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और अनुशासन बनाये रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा.

केंद्रों के अंदर-बाहर निगरानी: किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोकने के लिए सुरक्षाकर्मी परीक्षा केंद्रों के अंदर और बाहर लगातार गश्त करेंगे.

जैक का प्रयास है कि राज्यभर में एक साथ आयोजित होने वाली इस बड़ी परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाये.

Exit mobile version