Site icon Jharkhand LIVE

1 नवंबर को 986 केंद्रों पर होगी JTET परीक्षा, OMR शीट और प्रवेश पत्र को लेकर JAC की नई SOP जारी

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 को लेकर झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एक नवंबर को होने वाली परीक्षा के लिए राज्यभर में 986 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। परीक्षा में करीब 4.40 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गयी है। परीक्षा को कदाचारमुक्त और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए परिषद ने प्रवेश पत्र, ओएमआर शीट और परीक्षा केंद्र में प्रवेश को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किये हैं।

दो पालियों में होगी परीक्षा

जेटेट परीक्षा एक नवंबर को दो पालियों में आयोजित की जायेगी। पहली पाली में कक्षा छह से आठ तक के लिए उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं, दूसरी पाली में कक्षा एक से पांच तक के लिए प्राथमिक स्तर की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जायेगी।

प्रवेश पत्र और पहचान पत्र अनिवार्य

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट और मूल फोटो पहचान पत्र लेकर पहुंचना होगा। पहचान पत्र की छायाप्रति के आधार पर प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जायेगा। इसके बाद प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.

ओएमआर शीट भरने में बरतें सावधानी

परीक्षा में ओएमआर शीट भरते समय अभ्यर्थियों को विशेष सावधानी बरतनी होगी। शीट पर पहले से छपे विवरण का मिलान प्रवेश पत्र में दर्ज जानकारी से करना जरूरी है। यदि किसी अभ्यर्थी को दूसरे परीक्षार्थी की ओएमआर शीट मिलती है, तो उसे तुरंत केंद्र पर मौजूद अधिकारियों को इसकी सूचना देनी चाहिए। परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर भी रोक रहेगी।

दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय

नियमों के तहत दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी और दोनों हाथों से दिव्यांग अभ्यर्थियों को 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जायेगा। निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को श्रुतिलेखक की सुविधा भी मिल सकती है। इसके लिए संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में निर्धारित दस्तावेज और आवेदन जमा करना होगा।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गयी है कि परीक्षा से पहले अपने प्रवेश पत्र में दर्ज केंद्र, परीक्षा का समय और अन्य विवरण ध्यान से जांच लें तथा जेएसी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Exit mobile version