झारखंड में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की करीब 51 लाख लाभुक महिलाओं और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लगभग 11 लाख लाभार्थियों को पिछले कई महीनों से भुगतान नहीं मिला है। मंईयां सम्मान योजना की राशि तीन माह से लंबित है, जबकि वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशनधारकों को दो माह से पेंशन का इंतजार है।

जानकारी के अनुसार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की राशि जिलों को भेज दी गई है, लेकिन केंद्र सरकार की नई भुगतान प्रणाली ‘एसएनए-स्पर्श’ लागू होने की प्रक्रिया के कारण लाभुकों के खातों में भुगतान नहीं हो पा रहा है। वहीं मंईयां सम्मान योजना सहित अन्य योजनाओं में लाभुकों के सत्यापन का कार्य चल रहा है, जिसके पूरा होने के बाद ही राशि जारी की जाएगी।

क्या है स्पर्श भुगतान प्रणाली?

स्पर्श (SPARSH) केंद्र सरकार की नई केंद्रीकृत वेब-आधारित भुगतान प्रणाली है। इसके तहत पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल होने का दावा किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार इसे शुरू होने में करीब 10 दिन का समय लग सकता है।

मंईयां योजना में चल रहा सत्यापन

मंईयां सम्मान योजना के तहत वर्तमान में नए नाम नहीं जोड़े जा रहे हैं। योजना के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 50 वर्ष निर्धारित है। सत्यापन के दौरान 50 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं या अन्य कारणों से अपात्र पाए जाने वाले लाभुकों के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। वहीं नई पात्र महिलाओं को फिलहाल योजना में शामिल नहीं किया जा रहा है।

एक साथ मिलेगा बकाया भुगतान

सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के अनुसार सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंईयां सम्मान योजना और अन्य पेंशन योजनाओं की लंबित राशि एक साथ लाभुकों के खातों में भेजी जाएगी। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि नई भुगतान प्रणाली लागू होने के बाद लंबित भुगतान की प्रक्रिया तेज होगी।

राज्य में संचालित प्रमुख पेंशन योजनाएं

झारखंड में केंद्र और राज्य सरकार की कई सामाजिक सुरक्षा योजनाएं संचालित हैं, जिनमें वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन, आदिम जनजाति पेंशन और एचआईवी-एड्स पेंशन योजना शामिल हैं। इन योजनाओं के तहत लाखों लाभुकों को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।