Site icon Jharkhand LIVE

झारखंड में NEET-UG री-एग्जाम आज, 67 केंद्रों पर हाई अलर्ट

झारखंड के 21 शहरों में रविवार को NEET-UG पुनर्परीक्षा का आयोजन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया जा रहा है। राज्यभर के 67 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सभी केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है।

धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, हथियार लेकर चलने और लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए तैनात किया गया है।

परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और उपस्थिति दर्ज कराने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया है। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू हुआ, जबकि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

राज्य में सबसे अधिक 21 परीक्षा केंद्र रांची में बनाए गए हैं। इसके अलावा हजारीबाग में 9, बोकारो और जमशेदपुर में 8-8 तथा धनबाद में 7 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है।

पुनर्परीक्षा को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल सिग्नल जैमर लगाए गए हैं। प्रश्न पत्रों की सुरक्षित ढुलाई के लिए एयरफोर्स के विमान और हेलीकॉप्टरों की मदद ली गई है। अभ्यर्थियों को हल्के और साधारण कपड़े पहनकर आने तथा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, आभूषण या प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में नहीं लाने का निर्देश दिया गया है।

वहीं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों की सुविधा के लिए रेलवे ने रांची-धनबाद और रांची-डाल्टनगंज के बीच विशेष वन-वे परीक्षा ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की है।

Exit mobile version