Site icon Jharkhand LIVE

दिल्ली के व्यापार मेले में छाया झारखंड का मोती पालन, हजारीबाग बनेगा मोती उत्पादन का बड़ा केंद्र

नयी दिल्ली में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आइआइटीएफ)-2026 में झारखंड पवेलियन की मोती की खेती आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है. राज्य में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए पारंपरिक तरीकों के साथ आधुनिक तकनीकों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. इनमें बायोफ्लॉक, केज कल्चर, मोती पालन और झींगा-मांगुर पालन शामिल हैं.

पवेलियन में मौजूद मत्स्य विशेषज्ञ बुधन सिंह पूर्ति ने बताया कि झारखंड के लगभग सभी जिलों में मोती पालन का विस्तार हो रहा है. इससे राज्य में मत्स्य उत्पादन के साथ स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं.

हजारीबाग में विकसित होगा मोती पालन क्लस्टर

हजारीबाग को भारत सरकार ने मोती पालन के विशेष क्लस्टर के रूप में विकसित किया है. यहां बड़े पैमाने पर मोती उत्पादन का काम हो रहा है. भविष्य में यहां अत्याधुनिक ब्रीड बैंक स्थापित करने की भी योजना है. विशेषज्ञों के अनुसार, अब मोती उत्पादन में मेंटल ग्राफ्ट टिश्यू तकनीक अपनायी जा रही है. इस तकनीक की मदद से एक सीप में एक साथ सात से आठ मोती विकसित किये जा सकते हैं. इससे प्राप्त मोतियों में 97 से 98 प्रतिशत तक शुद्ध कैल्शियम कार्बोनेट होता है.

महिलाओं और युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर

राज्य में महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भी कई पहल की जा रही हैं. इसके तहत मछली बिक्री किट और तीन-चार पहिया वाहनों का वितरण किया जा रहा है. इसके अलावा जलाशयों और खदानों में मत्स्य पालन तथा बीमा योजनाओं को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है.

वन उत्पादों की भी हो रही चर्चा

झारखंड पवेलियन में मत्स्य पालन के साथ वन उत्पादों का स्टॉल भी लोगों को आकर्षित कर रहा है. यहां महुआ, साल पत्ता, इमली, लाख, शहद, बांस और केंदू पत्ता जैसे स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किये गये हैं. लाख से बनी चूड़ियां और कंगन के साथ महुआ के लड्डू भी आगंतुकों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. इस तरह व्यापार मेले में झारखंड की पारंपरिक आजीविका, वन उत्पाद और आधुनिक मत्स्य तकनीकों की झलक देखने को मिल रही है.

Exit mobile version