रक्षाबंधन से पहले झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों को बड़ी सौगात दी है। योजना के तहत रांची जिले की 3,95,692 महिला लाभुकों के बैंक खातों में अगस्त 2026 की सम्मान राशि भेज दी गई है। प्रत्येक लाभुक को ₹2,500 की राशि आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भुगतान की गई है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, रांची जिले में लाभुकों के खातों में कुल ₹98 करोड़ 92 लाख 30 हजार की राशि हस्तांतरित की गई है। भुगतान प्रक्रिया को आधार आधारित बनाया गया है, जिससे राशि सीधे लाभुकों के बैंक खाते में पहुंची है।
कांके में सबसे अधिक लाभुक
रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में योजना के लाभुकों को अगस्त महीने की राशि का भुगतान किया गया है। इनमें कांके में 31,620, टाउन अर्बन क्षेत्र में 26,042, मांडर में 23,008, सिल्ली में 21,335, बेड़ो में 20,620 और रातू में 20,427 लाभुक शामिल हैं।
इसके अलावा चान्हो में 19,374, नगड़ी में 18,345, तमाड़ में 18,832, ओरमांझी में 17,898, बुढ़मू में 17,841 और अनगड़ा में 16,796 महिलाओं को योजना की सम्मान राशि मिली है।
पात्र महिलाओं को लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पारदर्शी, सुगम और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र महिला को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े, इसके लिए भुगतान प्रक्रिया की नियमित समीक्षा की जा रही है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

