Site icon Jharkhand LIVE

झारखंड में राशन कार्ड में जाति अपडेट पर लगी रोक, वोटर लिस्ट के अंतिम प्रकाशन तक करना होगा इंतजार

झारखंड में राशन कार्ड धारकों के लिए जरूरी खबर है। जन वितरण प्रणाली (PDS) के तहत जारी राशन कार्ड में जाति की जानकारी अपडेट करने की प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है। खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को देखते हुए यह फैसला लिया है। अब लाभुकों को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक राशन कार्ड में जाति संबंधी जानकारी अपडेट कराने के लिए इंतजार करना होगा।

ST, SC समेत इन श्रेणियों की होनी थी अपडेट

राशन कार्ड में जाति की जानकारी अपडेट करने की प्रक्रिया के तहत ST, SC, BC-1, BC-2 और PVTG श्रेणियों से संबंधित विवरण दर्ज किया जाना था। इसके लिए बड़ी संख्या में लाभुक प्रखंड और अंचल कार्यालयों में जाति प्रमाण-पत्र बनवाने तथा उससे जुड़े आवेदन जमा कर रहे थे।

SIR के काम में लगे हैं कर्मचारी

विभाग के अनुसार, झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों के सत्यापन का काम चल रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्तों की ओर से विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को इस काम में लगाया गया है।

ऐसे में प्रखंड और अंचल कार्यालयों में जाति प्रमाण-पत्र से जुड़े आवेदनों के निष्पादन में परेशानी हो रही थी। इसी प्रशासनिक स्थिति को देखते हुए राशन कार्ड में जाति अपडेट की प्रक्रिया को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया गया है।

9 सितंबर को जारी हुआ निर्देश

खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के उप सचिव राम कृष्ण कुमार ने 9 सितंबर 2026 को इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किया था। विभाग ने सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

विभाग ने बताया कि राशन कार्ड में जाति अपडेट को लेकर इससे पहले 1 जुलाई और 28 जुलाई 2026 को भी निर्देश जारी किए गए थे। अब मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग के 8 सितंबर के पत्र के बाद इस प्रक्रिया को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक स्थगित रखने का फैसला लिया गया है।

अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद आगे की प्रक्रिया

फिलहाल राशन कार्ड में जाति अपडेट कराने वाले लाभुकों को नई प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार करना होगा। विभाग के निर्देश के मुताबिक मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक जाति अपडेट की कार्रवाई स्थगित रहेगी। अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद विभाग की ओर से आगे की प्रक्रिया के संबंध में नया निर्देश जारी किया जा सकता है।

झारखंड में SIR-2026 के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि 19 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

Exit mobile version