झारखंड सहायक कारापाल प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के तहत शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गयी है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की ओर से जारी सूचना के अनुसार, शारीरिक दक्षता जांच 28 अक्टूबर से शुरू होकर विभिन्न चयन पर्षदों में आयोजित की जायेगी। इस प्रक्रिया में कुल 56,304 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन 13 नवंबर तक किया जाना निर्धारित है।
आयोग ने इस संबंध में आवश्यक सूचना जारी करते हुए अभ्यर्थियों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करने का निर्देश दिया है। यह भर्ती विज्ञापन संख्या 05/2025 और 06/2025 के तहत की जा रही है। इसके माध्यम से सहायक कारापाल के कुल 84 पदों पर नियुक्ति होनी है।
तीन चयन पर्षदों के माध्यम से होगी जांच
शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा के लिए तीन चयन पर्षद बनाये गये हैं। चयन पर्षद-एक के तहत रांची में 28 अक्टूबर से 13 नवंबर तक जांच होगी। इसके लिए जैप-वन ग्राउंड, डोरंडा को परीक्षा स्थल बनाया गया है। यहां रांची, पलामू और कोल्हान क्षेत्र के कुल 25,215 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग का समय सुबह छह बजे निर्धारित किया गया है। प्रवेश सुबह 6:30 बजे शुरू होगा और गेट सुबह 11:45 बजे बंद कर दिया जायेगा।चयन पर्षद-दो के तहत हजारीबाग में 28 अक्टूबर से सात नवंबर तक शारीरिक दक्षता जांच आयोजित होगी। इसका परीक्षा केंद्र कर्जन ग्राउंड, पुराने बस स्टैंड के पास, हजारीबाग बनाया गया है। यहां हजारीबाग और कोयला क्षेत्र के 19,926 अभ्यर्थियों की जांच की जायेगी। रिपोर्टिंग सुबह छह बजे, प्रवेश शुरू होने का समय सुबह 6:30 बजे और गेट बंद होने का समय सुबह 11:45 बजे निर्धारित है।
वहीं, चयन पर्षद-तीन के तहत दुमका चयन पर्षद के अभ्यर्थियों की जांच राजेंद्र स्टेडियम, ऊर्जा नगर, महागामा, गोड्डा में होगी। यहां 28 अक्टूबर से तीन नवंबर तक शारीरिक दक्षता जांच की जायेगी। इस प्रक्रिया में संथाल परगना एवं अन्य क्षेत्र के 11,163 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस केंद्र पर रिपोर्टिंग का समय सुबह पांच बजे, प्रवेश शुरू होने का समय सुबह 5:30 बजे और गेट बंद होने का समय सुबह 11:45 बजे निर्धारित किया गया है।
अभ्यर्थी समय का रखें ध्यान
आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और प्रवेश संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। अभ्यर्थियों को परीक्षा से जुड़ी नवीनतम जानकारी, आवश्यक निर्देश और किसी भी बदलाव के लिए जेएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहने को कहा गया है।

