झारखंड के तीन प्रमुख शहरों रांची, धनबाद और जमशेदपुर में लंबे समय से ठप पड़ी सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डाटा एक्विजिशन (SCADA) प्रणाली को दोबारा चालू करने की तैयारी शुरू हो गयी है. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने इसके लिए नेटवर्क बैंडविड्थ सेवा प्रदाता के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस योजना पर करीब 2.43 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे.
तीन शहरों में मजबूत होगा SCADA नेटवर्क
योजना के तहत रांची, धनबाद और जमशेदपुर में SCADA प्रणाली के संचार नेटवर्क को दुरुस्त किया जायेगा. इसका उद्देश्य बिजली वितरण व्यवस्था की ऑनलाइन निगरानी और नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाना है. इसके लिए तीनों शहरों में अलग-अलग मल्टी प्रोटोकॉल लेबल स्विचिंग-वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (MPLS-VPN) तैयार किये जायेंगे. इससे प्रत्येक सबस्टेशन अपने निर्धारित नियंत्रण केंद्र से जुड़ा रहेगा और बिजली वितरण व्यवस्था की निगरानी में मदद मिलेगी.
नेटवर्क की स्थापना और रखरखाव की होगी जिम्मेदारी
योजना के तहत रांची और जमशेदपुर के नियंत्रण केंद्रों पर प्रबंधित MPLS कनेक्टिविटी उपलब्ध करायी जायेगी. चयनित सेवा प्रदाता नेटवर्क की स्थापना, कॉन्फिगरेशन, निगरानी और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालेगा. इससे SCADA प्रणाली के संचार नेटवर्क को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
नवंबर के अंत तक पूरी हो सकती है टेंडर प्रक्रिया
झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड की ओर से शुरू की गयी टेंडर प्रक्रिया नवंबर माह के अंत तक पूरी होने की संभावना है. इसके बाद चयनित एजेंसी योजना के तहत काम शुरू करेगी. SCADA प्रणाली के दोबारा चालू होने से तीनों शहरों में बिजली वितरण नेटवर्क की ऑनलाइन निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिल सकती है.

