राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने स्कूलों में ‘खेलेगा भारत-जीतेगा भारत’ विषय पर तीन दिवसीय अभियान आयोजित करने का निर्देश दिया है। यह अभियान 28 से 30 अगस्त तक चलेगा। विभाग के निर्देश के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन 28 अगस्त को अवकाश के बावजूद स्कूल सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक खुले रहेंगे। इस दौरान विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। हालांकि, शिक्षकों ने रक्षाबंधन के दिन स्कूल खोलने के निर्णय का विरोध किया है।
रक्षाबंधन पर स्कूल खोलने के फैसले पर आपत्ति
झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष आनंद किशोर साहू और प्रदेश महासचिव बलजीत कुमार सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन देश की सामाजिक और पारिवारिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे दिन विद्यालयों में अवकाश के बजाय कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की भावनाओं को नजरअंदाज करने वाला है।
शिक्षक नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस से जुड़े कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं, लेकिन इसके लिए रक्षाबंधन जैसे पर्व के दिन विद्यालय खोलना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से 28 अगस्त को स्कूल खोलने के आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग की।
आदेश वापस नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
संघ ने कहा कि यदि सरकार इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं करती है, तो लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से शिक्षकों की भावनाओं को सरकार तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
28 अगस्त को होंगी कई खेल गतिविधियां
विभागीय निर्देश के अनुसार, 28 अगस्त को स्कूलों में पुशअप, स्किपिंग, प्लैंक चैलेंज, पास द बॉल और स्पोर्ट्स बंधन जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी। इसके अलावा स्लोगन और निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
मेजर ध्यानचंद को दी जाएगी श्रद्धांजलि
29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। विद्यार्थियों को उनके जीवन और उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसी दिन बच्चों को खेल शपथ भी दिलाई जाएगी।
30 अगस्त को निकलेगी साइकिल रैली
अभियान के अंतिम दिन 30 अगस्त को ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही देश की खेल संस्कृति को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से विशेष दौड़ का भी आयोजन किया जाएगा।

