झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की प्रारूप मतदाता सूची में तीन अफगानिस्तानी नागरिकों के नाम पाए गए हैं। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान इनके विदेशी नागरिक होने की जानकारी सामने आई। मामले के बाद निर्वाचन विभाग ने तीनों के नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
पासपोर्ट वेरिफिकेशन में हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में आसिल खान, मो. असलम और मो. इब्राहिम के नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज थे। SIR के तहत इन लोगों ने एन्यूमरेशन प्रक्रिया भी पूरी की थी और उनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में भी शामिल हो गए। बाद में दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान रिकॉर्ड में गड़बड़ी सामने आने पर इन्हें नोटिस जारी किया गया।
नोटिस के बाद आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर इनके पासपोर्ट की जांच की गई। जांच में तीनों के अफगानिस्तान के नागरिक होने की बात सामने आई।
एक ही मतदान केंद्र पर दर्ज थे नाम
निर्वाचन विभाग के मुताबिक, तीनों के नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 286 में दर्ज थे। मतदाता सूची में इनके क्रमांक 30, 31 और 33 बताए गए हैं।
विदेशी नागरिकों के रूप में पहचान होने के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से इनके नाम मतदाता सूची से हटाने और आगे कानूनी कार्रवाई के लिए जमशेदपुर के डीसी और एसएसपी को निर्देश दिए जा रहे हैं।
अन्य विदेशी नागरिकों की भी होगी तलाश
मामला सामने आने के बाद अब यह भी जांच की जा रही है कि इन तीनों के नाम मतदाता सूची में किस प्रक्रिया के तहत शामिल हुए और इसमें किसी व्यक्ति ने मदद की थी या नहीं। साथ ही राज्य में कहीं और विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल तो नहीं हैं, इसकी भी जांच की जा सकती है।
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि तीन विदेशी नागरिकों की पहचान हुई है और उनके नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को लिखा जा रहा है।

