झारखंड की बेटियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर राज्य का मान बढ़ाया है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए घोषित भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की तीन खिलाड़ियों को जगह मिली है। खास बात यह है कि झारखंड की स्टार खिलाड़ी सलीमा टेटे को भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गयी है।
घोषित 18 सदस्यीय भारतीय टीम में सिमडेगा की सलीमा टेटे, खूंटी की निक्की प्रधान और सिमडेगा की ब्यूटी डुंगडुंग शामिल हैं। तीनों खिलाड़ियों को टीम में अलग-अलग जिम्मेदारियां मिली हैं। इससे झारखंड में हॉकी प्रतिभाओं की मजबूत मौजूदगी एक बार फिर सामने आयी है।
सलीमा टेटे मिडफील्डर के रूप में खेलेंगी और कप्तान की जिम्मेदारी भी संभालेंगी। वहीं, खूंटी की निक्की प्रधान डिफेंडर के तौर पर भारतीय रक्षापंक्ति को मजबूती देंगी। सिमडेगा की ब्यूटी डुंगडुंग फॉरवर्ड के रूप में विपक्षी टीम के गोलपोस्ट पर आक्रमण करने की जिम्मेदारी निभायेंगी।
भारतीय महिला हॉकी टीम इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी। झारखंड की तीनों खिलाड़ियों के चयन और सलीमा टेटे को कप्तानी मिलने से राज्य के खेल प्रेमियों में खुशी है।

