Site icon Jharkhand LIVE

Jharkhand Tribal Festival 2026: मोरहाबादी में आदिवासी महोत्सव का आगाज, 5000 कलाकार पहुंचे; इन रास्तों पर आज नो-एंट्री

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में दो दिवसीय झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हो गया है। महोत्सव में देश के अलग-अलग हिस्सों से 5,000 से अधिक आदिवासी कलाकार पहुंचे हैं। आयोजन को लेकर राजधानी में सुरक्षा के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया गया है।

जतरा को लेकर इन रास्तों पर वाहनों की नो-एंट्री

महोत्सव के तहत रविवार, 9 अगस्त को निकलने वाले सांस्कृतिक जतरा को देखते हुए जेल चौक से मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका तक वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़ और एसएसपी आवास मोड़ से बापू वाटिका तक रविवार सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी तरह के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

वहीं, सोमवार 10 अगस्त को इस रूट पर चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

यहां होगी पार्किंग की व्यवस्था

सांस्कृतिक जतरा में शामिल होने वाले वाहनों के लिए रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान, मोरहाबादी में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, RIMS और बरियातू की ओर से आने वाले वाहनों के लिए डीआईजी ग्राउंड में पार्किंग निर्धारित की गई है।

जेल म्यूजियम से मोरहाबादी तक निकलेगा जतरा

महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में सांस्कृतिक जतरा शामिल है। इसकी शुरुआत जेल म्यूजियम स्थित बिरसा मुंडा स्मृति पार्क से हुई, जहां से कलाकार पारंपरिक नृत्य और संगीत के साथ मोरहाबादी मैदान पहुंचेंगे।

आयोजन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे परिसर की निगरानी CCTV कैमरों से की जा रही है। इसके अलावा फायर टेंडर और मेडिकल टीमों को भी तैनात किया गया है।

700 ड्रोन शो और 5D थिएटर रहेगा आकर्षण

झारखंड आदिवासी महोत्सव में पारंपरिक संस्कृति के साथ आधुनिक तकनीक का भी संगम देखने को मिलेगा। आयोजन में 700 ड्रोन का शो, 5D थिएटर और AI चैटबॉट आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा ट्राइबल हाट के साथ कला, संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों से जुड़े 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों एवं पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें, ताकि महोत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Exit mobile version