झारखंड में उद्यमिता, नवाचार और लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 27 और 28 नवंबर को झारखंड उद्यम उत्सव-2026 का आयोजन किया जायेगा। उद्योग विभाग, झारखंड सरकार की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में राज्यस्तरीय एमएसएमई पुरस्कार समारोह के साथ प्रदर्शनी भी लगायी जायेगी। कार्यक्रम के दौरान राज्य की 20 इकाइयों को चार अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया जायेगा।
चार श्रेणियों में मिलेगा एमएसएमई पुरस्कार
झारखंड उद्यम उत्सव में पुरस्कार के लिए चार श्रेणियां निर्धारित की गयी हैं। इनमें स्थानीय उत्पाद एवं एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) उत्कृष्टता, एमएसएमई उत्कृष्टता, उद्यम आइडिया और औद्योगिक नवाचार शामिल हैं। इन श्रेणियों के माध्यम से उद्यमियों के बेहतर प्रदर्शन, स्थानीय उत्पादों और नये औद्योगिक विचारों को प्रोत्साहित किया जायेगा।
प्रथम पुरस्कार पानेवाले को मिलेंगे एक लाख रुपये
एमएसएमई पुरस्कार के तहत प्रथम स्थान प्राप्त करनेवाले उद्यमी या इकाई को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जायेगी। वहीं, द्वितीय स्थान प्राप्त करनेवाले को 75 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करनेवाले को 50 हजार रुपये दिये जायेंगे।
महिला और जनजातीय उद्यमियों को भी मिलेगा विशेष सम्मान
उद्यम उत्सव में महिला उद्यमियों और जनजातीय समुदाय के नेतृत्व वाले उद्यमों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जायेगा। महिला उद्यमियों के नेतृत्व वाले उद्यम और जनजातीय समुदाय के नेतृत्व वाले उद्यमों के लिए 50-50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गयी है।
इस आयोजन के जरिये राज्य में स्थानीय उत्पादों, छोटे उद्योगों, महिला उद्यमिता और जनजातीय समुदाय के उद्यमों को प्रोत्साहन देने की पहल की जा रही है। साथ ही औद्योगिक नवाचार और नये उद्यमियों को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा।

