झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन 22 नवंबर को किया जायेगा। इसको लेकर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने गुरुवार को वरीय पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में समारोह की तैयारियों, सुरक्षा, आवासन और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गयी।
समारोह का उद्घाटन 22 नवंबर को सुबह 11:30 बजे विधानसभा परिसर, कुटे में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस अवसर पर उत्कृष्ट विधायकों को बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान और उत्कृष्ट कर्मियों को स्वर्गीय कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। इसके अलावा पूर्व सदस्यों और खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जायेगा। समारोह में झारखंड विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’ के 104वें अंक समेत अन्य पुस्तकों का विमोचन भी होगा।
बैठक दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को समारोह के दौरान आवासन, सुरक्षा और यातायात की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही 25 और 26 नवंबर को आयोजित होने वाले आहूत विशेष सत्र के सुचारु संचालन को लेकर भी चर्चा की गयी।
बैठक में मुख्य सचिव, प्रभारी सचिव, अपर मुख्य सचिव, रांची के उपायुक्त और नगर आयुक्त समेत अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

