Site icon Jharkhand LIVE

झारखंड में वोटर लिस्ट का महाअभियान: 30 जून से घर-घर पहुंचेगी BLO टीम, अक्टूबर में आएगी नई मतदाता सूची

झारखंड में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए निर्वाचन आयोग जल्द ही बड़ा अभियान शुरू करने जा रहा है। विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR 2026) के तहत राज्यभर में वोटरों का घर-घर सत्यापन कराया जाएगा। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार यह प्रक्रिया 20 जून 2026 से शुरू होगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

इस अभियान के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी की जांच करेंगे। राज्य में यह डोर-टू-डोर सत्यापन अभियान 30 जून से 29 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं की जानकारी अपडेट करने और त्रुटियों को सुधारने का काम किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक झारखंड में करीब 2 करोड़ 64 लाख से अधिक मतदाताओं का सत्यापन किया जाना है। इसके लिए लगभग 30 हजार बीएलओ की तैनाती की जाएगी। वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से भी बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त किए जाएंगे ताकि प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

आयोग के मुताबिक 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके बाद मतदाता 4 सितंबर तक दावा और आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। सभी आवेदनों के निपटारे के बाद 7 अक्टूबर को फाइनल वोटर लिस्ट प्रकाशित होगी।

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाना है, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके। आयोग ने राजनीतिक दलों और मतदाताओं से भी सहयोग की अपील की है।

देशभर में SIR-2026 के तीसरे चरण के तहत 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में यह अभियान चलाया जाएगा। आयोग का दावा है कि इस चरण में करीब 36 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं तक पहुंच बनाई जाएगी।

झारखंड SIR 2026 का पूरा शेड्यूल

तैयारी और प्रशिक्षण: 20 जून से 29 जून

घर-घर सत्यापन अभियान: 30 जून से 29 जुलाई

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी: 5 अगस्त

दावा और आपत्ति दर्ज: 5 अगस्त से 4 सितंबर

निपटारा प्रक्रिया: 3 अक्टूबर तक

अंतिम मतदाता सूची जारी: 7 अक्टूबर 2026

Exit mobile version