Site icon Jharkhand LIVE

झारखंड में कहीं लू तो कहीं बारिश-बिजली का अलर्ट, 29 मई से मौसम बदलने के आसार

झारखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए हीट वेव, तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा, जबकि कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक गढ़वा, पलामू और चतरा जिले में कहीं-कहीं लू चलने की आशंका है। वहीं धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग और कोडरमा में गरज के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।

इसके अलावा रांची, खूंटी, गुमला और रामगढ़ समेत दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

27 मई को राज्य के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दक्षिणी, उत्तर-पूर्वी और मध्य भागों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि गढ़वा और पलामू में लू का असर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 28 मई तक राज्य में मौसम का यही मिजाज बना रहेगा। लेकिन 29 और 30 मई से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। कई जिलों में बादल छाने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। विभाग का अनुमान है कि अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Exit mobile version