Site icon Jharkhand LIVE

झारखंड में मानसून का कहर: 30 जून तक आंधी, भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के अधिकांश जिलों के लिए 30 जून तक येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कई इलाकों में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और वज्रपात की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। खासकर 19 और 20 जून को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम केंद्र रांची के अनुसार राजधानी रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम समेत मध्य और दक्षिणी झारखंड में भारी बारिश का सबसे अधिक असर देखने को मिलेगा। वहीं संथाल परगना और कोल्हान क्षेत्र में भी 19 से 22 जून के बीच जोरदार बारिश होने का अनुमान है। पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है।

लगातार बारिश और बादलों के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि मेघ गर्जन और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। किसानों को मौसम खराब होने पर तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version