झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के सात जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से 17 और 18 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

इन 7 जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम केंद्र, रांची के अनुसार आज दक्षिणी और पश्चिमी झारखंड में बारिश का असर अधिक रह सकता है। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

बारिश के साथ कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा।

17 और 18 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 अगस्त को झारखंड के कई हिस्सों में बारिश का दौर और तेज हो सकता है। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा होने की आशंका है। यह बारिश रुक-रुककर 21 अगस्त तक जारी रह सकती है।

सामान्य से 17% कम बारिश

लगातार बारिश के बावजूद झारखंड में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से करीब 17 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। राज्य के 24 जिलों में से 16 जिले अब भी कम बारिश की स्थिति में हैं, जबकि सात जिलों में सामान्य बारिश हुई है।

वज्रपात को लेकर सावधानी जरूरी

मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है। बिजली चमकने के दौरान बिजली के खंभों से भी दूरी बनाए रखें और संभव हो तो पक्के मकान या सुरक्षित भवन के अंदर रहें।